गुरसरांय (झांसी)। नगर के थाना क्षेत्र अंतर्गत नई बस्ती में उस समय हड़कंप मच गया,जब एक पति ने अपनी ही पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, नई बस्ती निवासी रानी तिवारी (उम्र लगभग 40 वर्ष), पत्नी संजय तिवारी,पर उनके पति संजय तिवारी ने अचानक धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला बुरी तरह घायल हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घटना की सूचना तत्काल 108 एंबुलेंस को दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची, जहां एंबुलेंस कर्मी बृजेश कुमार ने घायल महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय पहुंचाया।सीएचसी में ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर रवि अनुरागी एवं स्वास्थ्यकर्मी नमन द्वारा घायल महिला का प्राथमिक उपचार किया गया। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। वहीं, पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
