गुरसरांय (झांसी)। थाना एरच क्षेत्र के ग्राम बिलाटी करके में एक दर्दनाक हादसे में 26 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोहिनी पत्नी जितेंद्र रायकवार घर में दैनिक कार्य कर रही थीं,इसी दौरान अचानक कूलर में करंट आने से वह उसकी चपेट में आ गईं और गंभीर रूप से घायल हो गईं।घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए गुरसरांय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे,जहां मौजूद चिकित्सक डॉ. रवि अनुरागी ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर फैल गई। सूचना मिलते ही एरच थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। वहीं नायब तहसीलदार गरौठा राधा पालीवाल ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पंचायतनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
