गुरसरांय(झांसी)। गुरसरांय नगर के गरौठा चौराहे से लेकर कटरा चौराहे पर इन दिनों भीषण जाम की स्थिति बनी हुई है। गरौठा चौराहे से मण्डी की ओर जाने वाले रास्ते पर अतिक्रमण के कारण यह समस्या गंभीर हो गई है,जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क के दोनों किनारों पर फुटपाथों पर हाथ ठेले लगाने वालों और कुछ दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण ने मार्ग को संकरा कर दिया है। यह नगर का एक प्रमुख मार्ग है,जहां सुबह से शाम तक वाहनों की आवाजाही रहती है स्थानीय निवासियों के अनुसार सड़क किनारे लगे हाथ ठेले और दुकानों के सामने हुए अतिक्रमण के कारण अक्सर यातायात बाधित होता है। इसके चलते दोपहिया और चार पहिया वाहन चालकों को लंबे समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। राहगीरों और व्यापारियों ने प्रशासन से इस समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करे तो यातायात व्यवस्था में सुधार हो सकता है। स्थानीय लोगों ने जल्द कार्रवाई कर जाम से मुक्ति दिलाने की मांग की है। इस संबंध में उपजिलाधिकारी गरौठा सुनील कुमार ने बताया कि जल्द ही नगर पालिका की संयुक्त टीम द्वारा अतिक्रमण हटाया जायेगा। हालांकि इसके पहले भी एसडीएम गरौठा सुनील कुमार ने होली के बाद अतिक्रमण हटाने की बात कही थी जिससे लग रहा है कि प्रशासन जानबूझकर अतिक्रमण जैसी अव्यवस्थाओं को छूट दिए हुए है ऐसी स्थिति में जिला प्रशासन और शासन से गुरसरांय नगर व क्षेत्र की जनता ने जल्द से जल्द अतिक्रमण हटाने की मांग की है ताकि दुर्घटनाएं रोकी जा सकें और आवागमन का रास्ता सुचारु रूप से संचालित हो सके।
