गुरसरांय(झांसी)। आगामी पर्व चैत्र नवरात्रि,ईद व रामनवमी पर्व को लेकर मंगलवार को गुरसरांय थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डिप्टी एसपी गरौठा देवेन्द्र नाथ मिश्र ने की। इस दौरान थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह उपस्थित रहे। बैठक में दोनों समुदायों के लोगों से अपील करते हुए डिप्टी एसपी गरौठा देवेन्द्र नाथ मिश्र ने कहा कि सभी लोग आपसी भाईचारा और शांति के साथ पर्व मनाएं। थाना क्षेत्र के सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे। असामाजिक तत्वों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं सीओ ने नगर पालिका को सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इस दौरान प्रसिद्ध नारायण सिंह यादव ने रामनवमी से जुड़े कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा बैठक में प्रस्तुत की गयी। वहीं थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह ने कहा कि यदि कहीं भी किसी प्रकार की घटना या विवाद की आशंका हो तो तुरंत पुलिस को सूचना दें ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। इस मौके पर श्री राम सेवा समिति के अध्यक्ष एडवोकेट सतीश चन्द्र चौरसिया,रामनारायण पस्तोर,इकराम खान,आत्माराम फौजी,पेशे इमाम शहाबुद्दीन सिद्दीकी,सर्वेश खरे,मनोज कुमार,करन राज सहित नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
