झाँसी -उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित होने वाली आगामी उपनिरीक्षक (SI) नागरिक पुलिस तथा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पदों पर भर्ती परीक्षा की तैयारियों को लेकर कलेक्ट्रेट सभागार में महत्वपूर्ण बैठक
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा आयोजित होने वाली आगामी उपनिरीक्षक (SI) नागरिक पुलिस तथा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पदों पर भर्ती परीक्षा को शुचितापूर्ण, पारदर्शी एवं नकल विहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज दिनांक 10.03.2026 को एनआईसी (NIC) स्थित कलेक्ट्रेट सभागार, झाँसी में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी श्री बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति की अध्यक्षता में आगामी उपनिरीक्षक (SI) नागरिक पुलिस तथा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पदों पर भर्ती परीक्षा के दृष्टिगत परीक्षा पर्यवेक्षण अधिकारी, एडीएम झाँसी, पुलिस अधीक्षक नगर, क्षेत्राधिकारी नगर एवं ड्यूटी में लगे समस्त अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, झाँसी द्वारा परीक्षा केंद्रों पर तैनात किए जाने वाले सुरक्षा बलों एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी मजिस्ट्रेटों एवं पुलिस अधिकारियों को परीक्षा के दौरान पूर्ण सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया गया कि परीक्षा के दौरान प्रत्येक गतिविधि की लाइव मॉनिटरिंग सुचारू रूप से हो सके। सुरक्षा मानकों के अनुरूप उन सुरक्षित स्थलों (Strong Rooms) का भी निरीक्षण किया गया, जहाँ परीक्षा के प्रश्न-पत्र सुरक्षित रखे गए हैं तथा प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा, सीलिंग प्रक्रिया एवं अभिरक्षा व्यवस्था की गहन जांच की गई, जिससे परीक्षा की गोपनीयता पूर्णतः सुरक्षित रह सके।
बैठक में ड्यूटी पर तैनात सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित कराया जाए तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाए जाने पर तत्काल कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। झाँसी पुलिस प्रशासन आगामी उपनिरीक्षक (SI) नागरिक पुलिस तथा अग्निशमन द्वितीय अधिकारी के पदों पर भर्ती परीक्षा को पूर्णतः शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने हेतु पूर्णतः कटिबद्ध है।
