झाँसी। सागर गेट पानी की टंकी के पास रहने वाली भूमि पांचाल, गौरी शंकर पांचाल और गायत्री पांचाल की सुपुत्री 7 मार्च को अपने जीवन के नए अध्याय की दहलीज़ पर कदम रखने जा रही हैं। सीमित संसाधनों के बीच बेटी के विवाह का सपना संजोये इस परिवार के लिए उस समय संवेदना और संबल का प्रकाश जला, जब संघर्ष सेवा समिति ने आगे बढ़कर सहयोग का हाथ थामा।
समिति कार्यालय में आयोजित एक आत्मीय कार्यक्रम में संस्थापक अध्यक्ष डॉ. संदीप सरावगी ने भूमि को फुल साइज ट्रॉली बैग, किचन सेट, साड़ी एवं अन्य आवश्यक गृहस्थी का सामान भेंट किया। यह केवल वस्तुएँ नहीं थीं, बल्कि एक पिता के हृदय से निकली शुभकामनाएँ और समाज की सामूहिक संवेदना का स्पर्श थीं।
इस अवसर पर डॉ. संदीप ने भावुक शब्दों में कहा, बेटी का विवाह किसी एक घर का नहीं, पूरे समाज का उत्सव होता है। जब किसी पिता की आँखों में जिम्मेदारियों की नमी दिखती है, तो समाज का कर्तव्य बनता है कि वह उसका हाथ थामे। संघर्ष सेव समिति का संकल्प है कि कोई भी बेटी अभाव के कारण अपने सपनों से वंचित न रहे।
उल्लेखनीय है कि डॉ. संदीप सरावगी अब तक सैकड़ों कन्याओं के विवाह में इसी प्रकार सहयोग प्रदान कर चुके हैं। उनके इन सतत प्रयासों ने न जाने कितने घरों में उम्मीद की दीपशिखा जलाई है और कितने माता-पिता के माथे से चिंता की रेखाएँ मिटाई हैं।
