गुरसरांय (झांसी)। कर्ज से दबे खेतिहर मजदूर किसान ने खेत पर लगे पेड़ से रस्सी का फंदा गले लगा कर आत्महत्या का मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त विवरण के मुताबिक गुरसरांय थाना अंतर्गत ग्राम लखावती का रहने वाला कैलाश पुत्र चिंतामन कुशवाहा उम्र 45 वर्ष अपनी घर की खेती करके व खेतिहर गांव में मजदूरी करके अपने परिवार का भरण पोषण करता था। 16 फरवरी सोमवार दिन के 3:30 बजे लगभग वह जब किसी काम से खेत पर गया तो वहीं पेड़ से रस्सी बांधकर खेतिहर मजदूर कैलाश ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली,कुछ देर बाद ही गांव के आस पास के लोगों व राहगीरों ने जब इसकी सूचना गांव में दी तो आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय लाया जहां डॉक्टरों ने देखते ही मृत घोषित कर दिया। परिवार व आस-पास के लोगों द्वारा इसकी सूचना थाना गुरसरांय में दी गई पुलिस ने तत्परता से पंचनामा भरकर विधिक कार्यवाही चालू कर दी है। मृतक के पिता की कुछ महीनों पहले मौत हो गई थी जिससे मृतक के ऊपर बैंक से लेकर मृतक द्वारा अपने पिता के अंतिम संस्कार,त्रयोदशी आदि का भारी कर्ज होना बताया जा रहा था बताया गया है कि मृतक अपनी छोटी खेती के साथ-साथ मजदूरी का काम करके किसी तरह गुजारा करता था उसके दो लड़के भी हैं। जिसके चलते आर्थिक रूप से काफी तंगी झेल रहा था उधर इस घटना की सूचना मिलने पर मृतक के गांव के लोग और परिवार जन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय आ चुके थे और उनका रो-रो कर बुरा हाल था तो ग्राम लखावती समेत आस-पास में भी इस घटना से शोक की लहर दौड़ गई है।
