समथर (झांसी)। नगर पालिका परिषद कार्यालय में आज स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे सफाई कर्मचारियों के सम्मान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई मित्रों के मनोबल को बढ़ाना और उन्हें स्वच्छ नगर के निर्माण के लिए प्रेरित करना रहा। इस अवसर पर सफाई व्यवस्था में उल्लेखनीय योगदान देने वाले समस्त सफाई कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया, जिससे उनके चेहरों पर उत्साह और गर्व साफ दिखाई दिया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पालिकाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह कंसाना उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता लेखा अधिशाषी अधिकारी श्री महेंद्र कुमार चौधरी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि नगर में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण और कचरे के स्रोत पर पृथक्करण (सोर्स सिग्रिगेशन) को सफल बनाने में सफाई मित्रों की भूमिका अत्यंत सराहनीय है। इसी क्रम में सफाई मित्रों की क्षमता संवर्धन हेतु एक कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर कमल किशोर द्वारा सफाई मित्रों को डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, सोर्स सिग्रिगेशन के महत्व एवं उसके व्यवहारिक क्रियान्वयन की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 की नवीन टूलकिट के प्रमुख बिंदुओं पर चर्चा करते हुए सर्वेक्षण की तैयारी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।कार्यक्रम के दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण की तैयारियों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले नगर पालिका कर्मचारियों एवं सफाई मित्रों को पालिकाध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी द्वारा सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले सफाई कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए । जिससे उनके चेहरे पर खुशी दिखाई दी।इस अवसर पर लेखा लिपिक रामकुमार पालिया, अधिष्ठान लिपिक अनिल कुमार, राजकुमार सेन, सुनील कुमार श्रीवास्तव, सोनू वर्मा, सुरेंद्र पाल, पवन बुलकिया, धनंजय सिंह यादव, राजेश झा, नीतेश शर्मा, शैलेन्द्र नगाइच, रामजी मुदगिल, दिनेश रायकवार, गायत्री रायकवार सहित नगर पालिका के अनेक कर्मचारी उपस्थित रहे।
