गुरसरांय (झांसी)। धार्मिक आस्था और सामाजिक सेवा का अद्भुत संगम बुधवार को उस समय देखने को मिला, जब ग्राम मड़ोरी से सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं का एक विशाल जत्था रामराजा सरकार की नगरी ओरछा धाम के लिए रवाना हुआ। यह यात्रा समाजसेवी मान खा के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसका उद्देश्य ग्राम की गरीब कन्याओं के विवाह के लिए परंपरागत रूप से भात मांगने की धार्मिक रस्म को पूरा करना था। प्राप्त जानकारी के अनुसार आगामी 5 फरवरी को ग्राम मड़ोरी की पांच निर्धन कन्याओं का विवाह संपन्न होना है। इन्हीं विवाह आयोजनों को लेकर बुधवार सुबह लगभग 11:00 बजे ग्रामीण ढोल-नगाड़ों, भजन-कीर्तन और जयकारों के साथ ओरछा धाम के लिए निकले। यात्रा के दौरान श्रद्धालु रामराजा सरकार के जयघोष लगाते हुए भक्ति भाव में लीन दिखाई दिए। ग्रामीणों ने बताया कि भात मांगने की यह परंपरा वर्षों से चली आ रही है, जिसमें विवाह से पूर्व भगवान राम से आशीर्वाद लिया जाता है, ताकि कन्याओं का वैवाहिक जीवन सुखमय और मंगलमय रहे। ओरछा धाम में रामराजा सरकार के दरबार में माथा टेककर कन्याओं के विवाह की सफलता और खुशहाली की कामना की जाएगी। समाजसेवी मान खा द्वारा ग्राम की पांच गरीब कन्याओं के विवाह का संपूर्ण दायित्व उठाया गया है, जिसे लेकर क्षेत्र में उनकी भूरी-भूरी प्रशंसा की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे समाजसेवी प्रयास न केवल गरीब परिवारों को सहारा देते हैं, बल्कि समाज में आपसी सहयोग, भाईचारे और संस्कारों को भी मजबूती प्रदान करते हैं। यात्रा के दौरान ग्रामवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। बुजुर्गों से लेकर युवा और महिलाएं तक इस धार्मिक यात्रा में शामिल रहीं। पूरे ग्राम का माहौल धार्मिक और उत्सवमय बना रहा। ग्रामीणों ने आशा व्यक्त की कि 5 फरवरी को होने वाला यह सामूहिक विवाह कार्यक्रम भव्य रूप से संपन्न होगा और समाज के लिए एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करेगा।
