गुरसराय (झांसी)। थाना गुरसरांय क्षेत्र के एक गांव में नाबालिग किशोरी के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने थाना गुरसरांय में लिखित तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
तहरीर के अनुसार,पीड़िता किशोरी की उम्र लगभग 14 वर्ष बताई जा रही है। आरोप है कि करीब दो माह पूर्व किशोरी घर के पास स्थित पशुशाला में गाय को पानी पिलाने गई थी। उसी दौरान एक युवक उसके पीछे पहुंचा और उसे जबरन पास के मकान में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी ने किशोरी को जान से मारने की धमकी दी, जिससे वह भय के कारण किसी को कुछ नहीं बता सकी। कुछ समय बाद जब किशोरी की तबीयत बिगड़ने लगी, तब उसने अपनी भाभी को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर बुधवार दोपहर 12:00 बजे आरोपी जानकी पुत्र गनपत निवासी बंकापहाड़ी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला पंजीकृत कर लिया है।पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच के उपरांत आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
