बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज़
ललितपुर – विगत दिनों पकड़े गोविंद सागर बांध की नहर में एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। मामला थाना कोतवाली क्षेत्र अन्तर्गत ग्राम मऊ माफी का है जहां गोविंद सागर बांध से निकली नहर में सुबह सुबह राहगीरों को एक युवक का शव दिखाई दिया। जिसके चलते तत्काल पुलिस को सूचित किया गया। सूचना पर फील्ड यूनिट की टीम भी मौके पर पहुंची और नमूने एकत्रित किए थे। पुलिस ने मृत युवक की शिनाख्त के काफी प्रयास किए। प्रयास करने के बाद मृतक युवक की शिनाख्त नदीपुरा निवासी 32 वर्षीय अमर यादव के रूप में हुई थी। युवक गुरुवार की शाम घर से निकला था जिसका शव अगले दिन शुक्रवार को मऊ माफी में नहर में पड़ा मिला है। फिलहाल पुलिस ने मृतक युवक के परिजनों से तहरीर लेकर मामले के जांच शुरू कर दी है। वहीं घटना स्थल पर एसओजी, कोतवाली पुलिस व सर्विलांस की टीम भी जांच में जुट गई थी। पुलिस टीमों द्वारा संदिग्धों से लगातार पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही थी। पुलिस अधीक्षक मो० मुस्ताक के निर्देश पर हत्याकांड के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन कर जल्द से जल्द हत्याकांड का खुलासा करने के निर्देश दिए थे। मृतक की मां की तहरीर के आधार पर नामजद लोगों के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में हत्यारोपी विनोद कुशवाहा ने बताया मैं, कस्बा ललितपुर में अपनी जमीन पर प्लाटिंग की बिक्री का कार्य करता हूँ । मैंने अमर के कहने पर उसकी भाभी के नाम पर एक प्लाट की रजिस्ट्री की थी, जिसका दाखिल खारिज होने के बाद भी प्लाट का पैसा नहीं दिया जा रहा था । दिनाँक 15.02.2025 को अमर की भैंस खो गयी थी जो काफी तलाश करने के बाद भी नहीं मिल रही थी । दिनांक 18.02.2025 को मैं अपने दोस्त कालू व अमर के साथ शाम को लगभग 7.00 बजे घर से भैंस ढूंढने के लिए निकले थे । हम लोगों ने गांव के बाहर शराब पी थी । भैंस ढूंढकर वापस आते समय प्लाट के पैसे को लेकर आपस में कहासुनी व वाद-विवाद होने लगा था । मैंने व कालू ने शराब के नशे में गुस्से में आकर वहीं पास में पड़ा डंडा उठाकर अमर के सिर पर मारे थे, जिससे अमर के काफी खून बहने लगा था और अमर लड़खड़ा कर वहीं पर गिर गया था तथा उसकी मौके पर ही मौत हो गयी थी । हमने अपने बचाव में, लाश को छिपाने के लिये बहती हुई नहर के पानी में फेंक दिया था । जूता व मफलर एवं जिस डंडे से अमर को मारा था उसे गेहू के खेत में छुपा दिया था। पुलिस ने हत्या में प्रयोग किया डंडा बरामद कर आरोपियों को जेल भेजा है। आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली रमेशचन्द्र मिश्रा, उ0नि0 राहुल कुमार, हे0का0 बृजबिहारी सेंगर, का0 गनेश, का0 विक्रम, का0 नरेश, का0 हिमांशु गुप्ता कोतवाली ललितपुर शामिल हैं।
