बुंदेलखंड बुलेटिन न्यूज
महोबा । माथुरनपुरा में मंगलवार दोपहर को एक पहाड़ पर आग लग गई। यह पहाड़ माथुरनपुरा और भीतरकोट के बीच स्थित है। पहाड़ पर मदन सागर से घरों तक पानी पहुंचाने के लिए टंकी और फिल्टर लगा हुआ है। घटना की शुरुआत किसी द्वारा पहाड़ पर कूड़े के साथ जलते अंगारे फेंकने से हुई। कुछ ही समय में पहाड़ के निचले हिस्से में आग ने विकराल रूप ले लिया। तेज हवाओं के कारण आग चारों तरफ फैलने लगी पहाड़ से उठते धुएं को देखकर आसपास के लोग एकत्र हुए। स्थानीय निवासियों ने घरों से पानी लाकर आग बुझाने का प्रयास किया। हालांकि, हवा के कारण आग काबू से बाहर होती जा रही थी। तुरंत दमकल विभाग को सूचना दी गई। अग्निशमन प्रभारी देवेश तिवारी के नेतृत्व में फायर ब्रिगेड की टीम आधे घंटे के भीतर मौके पर पहुंच गई। टीम ने ऊबड़-खाबड़ रास्तों से होते हुए पहाड़ तक पाइप लाइन बिछाई। मनीराम सहित अन्य जवानों ने पूरी मेहनत से काम किया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। दमकल विभाग की सूझबूझ से आग पहाड़ के पास बने मकानों तक नहीं पहुंच सकी। इससे आसपास के मकान मालिकों ने राहत की सांस ली।
Please follow and like us:
