गुरसरांय/टहरौली (झांसी)। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से अतिवृष्टि (बेमौसम भारी बारिश) से बर्बाद हुई किसानों की फसलों की भरपाई के लिए भेजी गई राहत मुआवजा राशि में टहरौली तहसील के लेखपालों और दलालों का काला खेल उजागर हुआ है। मुआवजे की डाटा फीडिंग (ऑनलाइन एंट्री) और फाइलों को आगे बढ़ाने के एवज में लेखपालों द्वारा किसानों से खुलेआम ‘मोटा माल’ (रिश्वत) वसूले जाने और तहसील परिसर में दलालों के बेखौफ राज पर वकीलों का गुस्सा फूट पड़ा है।टहरौली के अधिवक्ताओं ने एड. रीतेश मिश्रा “राघवेन्द्र” के नेतृत्व में लामबंद होकर उपजिलाधिकारी (एसडीएम) टहरौली आशीष सिंह को एक कड़ा शिकायती पत्र सौंपते हुए भ्रष्टाचार में लिप्त लेखपालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कठोरतम विधिक कार्रवाई करने की मांग की है। अधिवक्ताओं के इस तीखे तेवर से तहसील प्रशासन में हड़कंप मच गया है। अधिवक्ताओं ने अपने ज्ञापन में लगभग एक दर्जन किसानों के शिकायती पत्र भी संलग्न करके उपजिलाधिकारी टहरौली को सौंपे।लेखपालों की चौखट पर ठगा जा रहा किसान-अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से आरोप लगाया कि कुदरत की मार से पहले से ही तबाह हो चुका अन्नदाता जब अपने हक का मुआवजा पाने के लिए तहसील पहुंचता है, तो अधिकांश लेखपाल उसकी फाइल दबाकर बैठ जाते हैं। ऑनलाइन फीडिंग और राहत राशि के खातों में ट्रांसफर होने से पहले ही अवैध वसूली का खेल शुरू कर दिया जाता है। जो किसान घूस देने में असमर्थ हैं, उन्हें दलालों के माध्यम से प्रताड़ित किया जा रहा है।तहसील में दलालों की ‘धमाचौकड़ी’ पर आपत्ती
वकीलों ने मुख्य रूप से तहसील परिसर और सरकारी दफ्तरों के इर्द-गिर्द मंडराने वाले दलालों के नेटवर्क पर कड़ी आपत्ति जताई है। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से कहा गया है कि तहसील टहरौली को दलाली का अड्डा बना दिया गया है। सरकारी कर्मचारियों के संरक्षण में घूमने वाले इन दलालों को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जेल भेजा जाए, ताकि भ्रष्टाचार पर लगाम लग सके।
किसानों के हक की इस लड़ाई में टहरौली बार के कई दिग्गज और मुखर अधिवक्ता शामिल रहे, जिनमें प्रमुख रूप से रीतेश मिश्रा “राघवेन्द्र”, राकेश प्रताप सिंह, राजेन्द्र प्रसाद तिवारी, नरोत्तम शर्मा, अमित शर्मा, राघवेन्द्र रिछारिया, ऋषिराज खरे, भानु प्रताप पटेल, सत्येंद्र प्रताप सिंह, अंकित पाण्डेय, चन्द्रशेखर चतुर्वेदी बमनुआँ, हर्षबर्धन यादव, लोकेन्द्र कुशवाहा, वेदांत शर्मा आदि मौजूद रहे।
बोले जिम्मेदार :-
“मामले को बेहद गंभीरता से लिया गया है। इसकी निष्पक्ष जाँच कराई जा रही है। यदि जांच में कोई भी लेखपाल या अन्य कर्मचारी दोषी पाया जाता है, तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
