गुरसरांय (झांसी)। खड़ैनी विद्युत उपकेंद्र पर रखा 5 एमवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर खराब होने के मामले में विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसकी जानकारी उच्चस्तरीय अधिकारियों को दिए बिना ही विद्युत उपकेंद्र परिसर के अंदर प्राइवेट वर्करों से उसकी मरम्मत कराने का कार्य शुरू करा दिया।मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर ट्रांसफार्मर किन कारणों से खराब हुआ और क्या इसकी तकनीकी जांच कराई गई? यदि ट्रांसफार्मर में कोई गंभीर खराबी थी, तो इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों को क्यों नहीं दी गई? साथ ही यह भी सवाल है कि क्या ट्रांसफार्मर को ठीक कराने से पहले विभाग के टेस्टिंग विभाग द्वारा जांच की गई थी, जिससे खराबी के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
सरकारी संपत्ति की मरम्मत की प्रक्रिया पर सवाल
विद्युत ट्रांसफार्मर बिजली आपूर्ति व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। ऐसे में इतने बड़े ट्रांसफार्मर के खराब होने और उसकी मरम्मत कराए जाने की प्रक्रिया को लेकर पारदर्शिता जरूरी है। आरोप है कि विभागीय स्तर पर निर्धारित प्रक्रिया का पालन किए बिना ही प्राइवेट वर्करों से ट्रांसफार्मर को ठीक कराने का कार्य कराया गया। यदि ऐसा हुआ है, तो इसकी तकनीकी और विभागीय जांच कराई जानी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि ट्रांसफार्मर किस कारण से खराब हुआ और मरम्मत के दौरान निर्धारित मानकों का पालन किया गया या नहीं।इस संबंध में जानकारी लेने के लिए उपखंड अधिकारी संजय कुमार से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। उनका पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
