गुरसरांय(झाँसी)। नवरात्र के सातवें दिवस गुरसरांय की ऐतिहासिक माँ काली पूजा पंडाल पटकाना में ऐतिहासिक माँ काली की भव्य और अलौकिक प्रतिमा के दर्शन के लिए शनिवार को भक्तों का आस्था का महाकुंभ देखने को मिला।सुबह से ही यहाँ दर्शन के लिए दूर-दराज से भक्तों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था,जो देर रात तक जारी रहा।पंडाल में पहुँचे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ माँ काली के दरबार में हाजिरी लगाई और परिवार की सुख-समृद्धि व कल्याण की कामना की। इस दौरान भक्त भव्य पंडाल व मां काली की प्रतिमा देखने के लिए लंबे कतारबद्ध लगे रहे।जैसे ही आरती प्रारंभ हुई सभी भक्तों ने मां काली के चरणों में शीश झुकाकर आशीर्वाद मांगा।पंडाल में भारी भीड़ को देखते हुए कमेटी की ओर से पुख्ता इंतजाम किये गये है।पूजन उपरांत माँ काली जी की भव्य एवं दिव्य आरती की गई। माँ काली के धार्मिक जयकारों से आसपास का इलाका गुंजायमान बना रहा। आज माँ काली जी के दरबार में 56 भोग का प्रसाद माँ काली जी को अर्पण किया गया एवं रात 12 बजे माँ काली जी की भव्य एवं दिव्य महाआरती की गयी। वही दोपहर में माँ काली जी के दरबार में श्री सुंदरकांड पाठ का भव्य आयोजन किया गया। ऐसी मान्यता है कि माँ काली के दरबार में श्रद्धालु जो भी अभिलाषा लेकर आते हैं मां उसे अवश्य पूरा करतीं हैं।
