झाँसी- इंडियन डेंटल एसोसिएशन झाँसी शाखा एवं Women Dental Council के संयुक्त तत्वावधान में आज 04 अक्टूबर को सिद्धेश्वर नगर स्थित वृद्धाश्रम में मुख स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन इंडियन डेंटल एसोसिएशन झाँसी शाखा की अध्यक्षा डॉ. पूजा श्रीवास्तव की अध्यक्षता में किया गया। शिविर के दौरान वृद्धाश्रम में रहने वाले करीब 160 वृद्धजनों के मुख स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया।
दंत चिकित्सकों ने वृद्धजनों की समस्याओं की जांच करते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सलाह दी। साथ ही जरूरत के अनुसार दवाइयां और दंतमंजन भी वितरित किए गए।
सिर्फ स्वास्थ्य जांच तक ही यह सेवा सीमित नहीं रही। इंडियन डेंटल एसोसिएशन झाँसी शाखा के सदस्यों ने वृद्धाश्रम के लिए अनाज एवं खाद्य सामग्री भी उपलब्ध कराई, जिससे इस पहल ने सामाजिक सेवा का भी संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन Women Dental Council की चेयरपर्सन डॉ. जिज्ञासा साहू ने किया। वहीं कार्यक्रम के अंत में इंडियन डेंटल एसोसिएशन झाँसी शाखा के सचिव डॉ. शिवाशीष खरे ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डॉ. धीरज प्रकाश, डॉ. विजय भारद्वाज, डॉ. राज कमल श्रीवास्तव, डॉ. निशान्त साहू, डॉ. प्रिया तिवारी, डॉ. अमित यादव, डॉ. शिवांगी राज और श्रीमती छवि भारद्वाज सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
इस पहल के जरिए चिकित्सकों ने यह संदेश दिया कि उम्र चाहे कितनी भी हो, बेहतर स्वास्थ्य और सम्मान के साथ जीवन जीने का अधिकार हर व्यक्ति का है।
इंडियन डेंटल एसोसिएशन की यह पहल न सिर्फ वृद्धजनों के मुख स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली रही, बल्कि समाज में सेवा, संवेदना और जिम्मेदारी की मिसाल भी पेश करती नजर आई।
