झाँसी, 1 सितम्बर 2026। पृथक बुंदेलखंड राज्य की मांग को लेकर बुंदेलखंड क्रांति दल द्वारा गांधी पार्क में धरना-प्रदर्शन किया गया। कार्यकर्ताओं ने बुंदेलखंड राज्य के समर्थन में जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के उपरांत प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा गया।
सभा की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष कुंवर सत्येंद्र पाल सिंह ने की। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध होने के बावजूद विकास, रोजगार, सिंचाई और पेयजल जैसी समस्याओं से जूझ रहा है। क्षेत्र के समग्र विकास और समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए पृथक बुंदेलखंड राज्य का गठन आवश्यक है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड राज्य की मांग लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक है और इसके लिए आंदोलन निरंतर जारी रहेगा।
ज्ञापन में बुंदेलखंड के ऐतिहासिक एवं प्रशासनिक स्वरूप का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार से पृथक बुंदेलखंड राज्य के गठन की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ करने की मांग की गई। ज्ञापन में क्षेत्र की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि तथा विकास संबंधी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए प्रधानमंत्री से इस दिशा में पहल करने का अनुरोध किया गया।
