झाँसी – आज मुख्य विकास अधिकारी महोदय रामेश्वर सुधाकर सब्बनवाड द्वारा झाँसी जनपद में संचालित पीएम श्री विद्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षिक एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों एवं विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
मुख्य विकास अधिकारी महोदय के साथ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गौड़ एवं खंड शिक्षा अधिकारी अंतिम सिंह ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद करते हुए उन्हें मन लगाकर अध्ययन करने तथा अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। इसके उपरांत उन्होंने छात्र-छात्राओं के साथ मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) ग्रहण कर भोजन की गुणवत्ता, स्वाद एवं स्वच्छता की स्थिति का भी जायजा लिया।
इस दौरान विद्यालय में बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता एवं व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर शैक्षिक वातावरण एवं बच्चों के लिए सुरक्षित व पौष्टिक भोजन की व्यवस्था सुनिश्चित करना रहा।
