झाँसी- स्वतंत्रता दिवस समारोह — महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज, झाँसी
महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज एवं चिकित्सालय, झाँसी में स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर राष्ट्रभक्ति, गौरव और उत्साह से परिपूर्ण भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया।
महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रो. सुधीर कुमार ने मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराने, विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने तथा महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज को “सेंटर ऑफ एक्सीलेंस” के रूप में विकसित करने हेतु सभी को प्रेरित किया।
कार्यक्रम में उप-प्रधानाचार्य प्रो. मयंक सिंह, डीन एकेडमिक्स प्रो. नूतन अग्रवाल, CMS डॉ. सचिन माहुर, MS डॉ. ख़ुस्तर हैदर समस्त विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ एवं कनिष्ठ संकाय सदस्य, रेजिडेंट्स, MBBS एवं पैरामेडिकल विद्यार्थी, मैट्रन एवं नर्सिंग ऑफिसर्स, मिनिस्टीरियल स्टाफ, सुरक्षा कर्मी एवं सफाई कर्मियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य कार्यक्रम का कुशल एवं गरिमापूर्ण संचालन डॉ. अराधना कनकाने एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का प्रभावी संचालन डॉ. ओम शंकर चौरसिया द्वारा किया गया।
देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में उत्साह एवं ऊर्जा का संचार किया। आयुष शर्मा एवं आर्यन सेहरा ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
एमबीबीएस एवं पैरामेडिकल विद्यार्थियों ने “नशा मुक्ति अभियान” के अंतर्गत प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
यह आयोजन केवल स्वतंत्रता दिवस का उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा, चिकित्सा सेवा, शिक्षा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक बना।
