झाँसी – आज दिनांक 15.08.2026 को 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत जनपद झाँसी पुलिस द्वारा तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली में जनपद झाँसी पुलिस के अधिकारी/कर्मचारीगण द्वारा उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया गया।
तिरंगा बाइक रैली को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी श्री बीबीजीटीएस मूर्ति द्वारा पुलिस लाइन से हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारीगण एवं पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
बाइक रैली में पुलिस अधिकारी/कर्मचारीगण द्वारा मोटरसाइकिलों पर राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा लगाकर एवं हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ प्रतिभाग किया गया। रैली के माध्यम से आमजन को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के प्रति जागरूक करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
तिरंगा बाइक रैली पुलिस लाइन से जेल चौराहा, झाँसी होटल चौराहा, इलाहाबाद बैंक चौराहा, इलाइट चौराहा, चित्रा चौराहा, बीकेडी चौराहा, लक्ष्मीबाई पार्क होते हुए पुनः इलाइट चौराहा से पुलिस लाइन पहुँची, जहाँ बाइक रैली का समापन किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता को बनाए रखने तथा देश के प्रति अपने कर्तव्यों का पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया गया।
