गुरसरांय(झांसी)। नगर में छोटी एचपी गैस एजेंसी के वितरकों की मनमानी से उपभोक्ता बेहद परेशान हैं। सरकार और तेल कंपनियों के सख्त दिशा-निर्देशों के बावजूद,गैस एजेंसी द्वारा उपभोक्ताओं के घरों तक सिलेंडर की होम डिलीवरी नहीं की जा रही है। लोगों का आरोप है कि उन्हें सिलेंडर लेने के लिए खुद एजेंसी के गोदाम तक चक्कर काटने पड़ रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि गैस बुकिंग के बिल में ‘डिलीवरी चार्ज’ पहले से ही शामिल होता है, फिर भी एजेंसी उन्हें घर पर गैस देने से मना कर रही है। बुजुर्गों,महिलाओं और कामकाजी लोगों के लिए भारी-भरकम सिलेंडर खुद उठाकर लाना एक बड़ी मुसीबत बन गया है। विरोध करने पर वितरकों द्वारा टालमटोल भरा जवाब दिया जाता है।नियमों के अनुसार,हर गैस एजेंसी को उपभोक्ता के पंजीकृत पते पर ही सुरक्षित तरीके से गैस सिलेंडर पहुंचाना अनिवार्य है। लेकिन क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर उपभोक्ताओं का मानसिक और आर्थिक उत्पीड़न किया जा रहा है। इस संबंध में नगर के जागरूक लोगों द्वारा कई बार मुख्यमंत्री पोर्टल,संबंधित विभाग से लेकर प्रशासन को कई बार शिकायत की जा चुकी हैं। इसके बाद भी समस्या जस की तस बनी हुई है। बार-बार शिकायतों के बाद भी विभाग की चुप्पी से लग रहा आखिर मनमानी करने वाले को संरक्षण क्यों दिया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने जिलाधिकारी झाँसी से लेकर शासन से जनहित व शासन हित में जल्द बड़ी कार्यवाही की मांग की है।
