झांसी- बुन्देलखण्ड राज्य की मांग को लेकर बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति (बीआरएस) ने एक बार फिर “एक राखी प्रधानमंत्री के नाम” अभियान शुरू करने की घोषणा की है। समिति के प्रदेशाध्यक्ष यज्ञेश गुप्ता ने बताया कि पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी बुन्देलखण्ड के विद्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राखी और पत्र भेजे जाएंगे, ताकि पृथक बुन्देलखण्ड राज्य की मांग को लोकतांत्रिक एवं सकारात्मक तरीके से मजबूती मिल सके।
झांसी के मैथिली शरण गुप्त पार्क में आयोजित कार्यकर्ता बैठक को संबोधित करते हुए यज्ञेश गुप्ता ने कहा कि पिछले वर्ष झांसी सहित पूरे बुन्देलखण्ड से हजारों राखियां प्रधानमंत्री को भेजी गई थीं, जिसे लोगों का व्यापक समर्थन मिला। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण जनआंदोलनों का ही परिणाम है कि आज ग्रोथ सेंटर और बीड़ा जैसे बड़े विकास प्रोजेक्ट क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि 9 अगस्त को नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर बुन्देलखण्ड राज्य की मांग को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक जिले, तहसील, ब्लॉक, गांव और नगर के वार्ड स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की रणनीति तैयार की गई है।
बैठक में क्षेत्रीय प्रभारी बी.के. गुप्ता एवं क्षेत्रीय महामंत्री ज्ञानेश्वर कुशवाहा ने क्षेत्रीय समस्याओं को जन-जन तक पहुंचाकर लोगों से बुन्देलखण्ड राष्ट्र समिति के साथ जुड़ने का आह्वान किया।
बैठक में राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य शिवम झा, क्षेत्रीय सह संयोजक संजय अग्रवाल, जिला महामंत्री कृष्ण बिहारी तिवारी, इस्माइल खान, अजीत तिवारी, रहीश खान, दीपक तिवारी, संजीव सेन, योगेन्द्र सिंह, दीपक शुक्ला, नीरज यादव, एच.एन. शर्मा, रोशनी, बबीता राय, मीना कश्यप, भारती शर्मा, गोविन्द दास, पार्षद लखन कुशवाहा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन दीपक साहू ने तथा आभार बी.के. गुप्ता ने व्यक्त किया।
