गुरसरांय (झांसी)। दमन-दीव में रह रही 19 वर्षीय विवाहिता सोनम अहिरवार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव गुरसरांय अस्पताल लाया गया, जहां पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने सहित आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।मृतका सोनम पत्नी उमेश अहिरवार, निवासी दखनेश्वर, अपने पति उमेश कुमार के साथ दमन-दीव में रहती थी। पति के मुताबिक सोनम की अचानक तबीयत खराब होने पर उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने बीपी और शुगर की समस्या बताते हुए उसे मृत घोषित कर दिया।वहीं मृतका के पिता मलखान निवासी दुरखुरु ने ससुरालीजनों पर बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना की सूचना मिलने पर मृतका का शव गुरसरांय अस्पताल लाया गया।मौके पर नायब तहसीलदार अमृत लाल एवं गुरसरांय पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई की और मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट हो सकेगा।
