झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने और ओपीडी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर कुमार ने सभी विभागाध्यक्षों को डॉक्टरों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए थे। यह व्यवस्था करीब 130 कंसल्टेंट डॉक्टरों पर लागू होनी है। इसके तहत सोमवार से अस्पताल मैनेजर को डॉक्टरों की उपस्थिति और समयपालन की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
निर्देशों के अनुसार सोमवार, बुधवार और शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे तक तथा मंगलवार, गुरुवार और शनिवार को सुबह 8:30 बजे तक डॉक्टरों को अस्पताल पहुंचना अनिवार्य किया गया है। इसका उद्देश्य मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना और ओपीडी में डॉक्टरों की अनुपस्थिति से होने वाली परेशानी को रोकना है। लेकिन आदेश जारी होने के बाद भी व्यवस्था पर सवाल! निरीक्षण के दौरान सुबह 10 बजे तक न्यूरोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विभाग में कोई कंसल्टेंट डॉक्टर उपस्थित नहीं मिला। ऐसे में मरीज डॉक्टरों के इंतजार में बैठे रहे। सवाल यह उठता है कि जब प्रधानाचार्य के स्पष्ट निर्देश हैं, तो आखिर विभागों में समयपालन क्यों नहीं हो पा रहा है? वहीं दूसरी ओर, प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर कुमार स्वयं निर्धारित समय पर पहुंचकर अपने प्रशासनिक दायित्वों के साथ चिकित्सकीय कर्तव्य का पालन करते नजर आए। उनके समयपालन के बीच संबंधित विभागों में डॉक्टरों की अनुपस्थिति व्यवस्था की निगरानी पर सवाल खड़े करती है। अब कार्रवाई का इंतजार मरीजों के मन में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रधानाचार्य डॉ. सुधीर कुमार न्यूरोलॉजी और नेफ्रोलॉजी विभाग में समय पर डॉक्टरों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए कोई कार्रवाई करेंगे? क्या अस्पताल प्रबंधन की निगरानी से व्यवस्था में सुधार आएगा या फिर ये निर्देश केवल कागजों तक ही सीमित रह जाएंगे? अब देखना होगा कि मेडिकल कॉलेज प्रशासन लापरवाही के मामले में क्या कदम उठाता है और मरीजों को समय पर उपचार की सुविधा कब तक मिल पाती है।
