गुरसरांय(झांसी)। राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पत्रकारों द्वारा विचार गोष्ठी एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ एवं उत्तर प्रदेश सरकार से मान्यता प्राप्त पत्रकार कुंवर रामकुमार सिंह ने की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन ने सभी पत्रकारों को राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा और सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है। विपरीत परिस्थितियों और चुनौतियों के बावजूद पत्रकार समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की आवाज को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता ही एक स्वस्थ और जागरूक समाज की नींव रखती है। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सम्मान और हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे वरिष्ठ एवं मान्यता प्राप्त पत्रकार कुंवर रामकुमार सिंह ने पत्रकारिता की विश्वसनीयता और नैतिक मूल्यों को बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान दौर में सूचनाओं की तेज रफ्तार के बीच खबरों की सत्यता और प्रमाणिकता सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। पत्रकारों को अपनी लेखनी की गरिमा को सर्वोपरि रखते हुए जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना चाहिए। उन्होंने युवा पत्रकारों को वरिष्ठों के अनुभव से सीखने और आपसी एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए पंडित हरिशचंद नायक ने राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और जिम्मेदार प्रेस किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था को जीवंत बनाए रखती है। कलम की ताकत समाज को सही दिशा देने और सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखती है, इसलिए प्रत्येक पत्रकार को समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना चाहिए। कार्यक्रम के समापन पर आयुष त्रिपाठी ने मुख्य अतिथि एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन, कार्यक्रम अध्यक्ष कुंवर रामकुमार सिंह सहित उपस्थित सभी वरिष्ठ एवं युवा पत्रकारों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, समन्वय और संगठन की शक्ति को मजबूती प्रदान करते हैं। इस अवसर पर कौशल किशोर,शौकीन खान,रतनदीप यादव सहित सभी पत्रकारों ने अपने-अपने अनुभव साझा किए और जनसमस्याओं के समाधान में मीडिया की भूमिका पर चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्र के पत्रकार बंधु उपस्थित रहे।
