गुरसरांय (झाॅंसी)। जनपद में अगस्त-सितम्बर में हुई अतिवृष्टि और भारी बारिश के कारण खरीफ की फसलें (तिल,उड़द,मूंगफली आदि) पूरी तरह नष्ट हो चुकी थी और गरीबों किसानों के कच्चे मकान धराशायी हो गए थे। इस आपदा के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किसानों को 8,500 रुपये प्रति हेक्टेयर और अधिकतम 17,000 रुपये तक नष्ट फसल की राहत राशि देने एवं धराशायी हुए कच्चे मकानों के लिए राहत राशि तत्काल देने के सख्त निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में झांसी की गरौठा तहसील सहित सभी तहसीलों में जनप्रतिनिधियों और विधायकों द्वारा बड़े-बड़े कार्यक्रम आयोजित कर कुछ गिने-चुने किसानों को राहत चेक एवं प्रमाण पत्र भी बांटे गए थे। लेकिन धरातल पर स्थिति इसके बिल्कुल विपरीत है। मुख्यमंत्री के निर्देशों का नहीं हो रहा पालन भारतीय किसान यूनियन (आजाद हिन्द) के युवा जिलाध्यक्ष हरनारायण सिंह घोष ने राजस्व विभाग पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि गरौठा, टहरौली तहसील में शासन के नियमानुसार और निर्देशानुसार किसानों को राहत राशि नहीं मिल रही है। आपदा की इस घड़ी में भी राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों और लेखपालों के दलालों द्वारा पीड़ित किसानों से अवैध वसूली और रुपये की उगाही की जा रही है।
“जो जितना ज्यादा पैसा देगा, उसे उतनी ही राहत राशि मिलेगी” –गरौठा,टहरौली तहसीलों में इस समय यही खेल चल रहा है। खेतों में फसलें किसानों की नष्ट हुई हैं और मकान गरीबों के गिरे हैं, लेकिन इस आपदा में चांदी और ‘बल्ले-बल्ले’ भ्रष्ट राजस्व कर्मचारियों की हो रही है। घूस न दे पाने के कारण वास्तविक पीड़ित किसान और बेघर हुए लोग आज भी राहत राशि के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं।भाकियू (आजाद हिन्द) के युवा जिलाध्यक्ष हरनारायण सिंह घोष ने कहा कि किसानों और गरीबों के हक पर डाका डालने वाले इस भ्रष्टाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि गरौठा तहसील में हुए सर्वे और बांटी गई राहत राशि की निष्पक्ष जांच कराई जाए।राहत राशि पीड़ित किसानों को बिना किसी रिश्वत के पूरी राहत राशि (₹8,500 से ₹17,000) सीधे उनके खातों में भेजी जाए।भारी बारिश से जिन गरीबों के कच्चे मकान धराशायी हुए हैं, उन्हें तुरंत मुआवजा और आवास की सुविधा दी जाए। बांटी गई और बांटी जाने वाली राहत राशि की सूची सार्वजनिक की जानी चाहिए और वसूली करने वाले भ्रष्ट लेखपालों और उनके दलालों पर तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।शासन प्रशासन वास्तविक पीड़ित किसानों को न्याय दिलाया जाए और दलालों के इस मकड़जाल को खत्म किया जाए।
