युवाओं के स्वस्थ और मजबूत होने से ही संभव है देश का विकास : जवाहरलाल राजपूत
समथर, झांसी। महाराजा वीर सिंह राजकीय इंटर कॉलेज की मेजबानी में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ गरौठा विधायक जवाहरलाल राजपूत ने किया। इस अवसर पर उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि जब तक देश का युवा स्वस्थ और मजबूत नहीं होगा, तब तक देश का विकास संभव नहीं है। ऐसे खेलकूद कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को निखरने का अवसर मिलता है और यही प्रतिभाएं भविष्य में देश का नाम रोशन करती हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक जवाहरलाल राजपूत सहित अन्य अतिथियों का विद्यालय के प्रधानाचार्य रामेश्वर दयाल कुशवाहा ने बैज लगाकर एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष देवेंद्र सिंह कंसाना ने की।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रवीन दास जी महाराज, महंत अमरा, परशुराम यादव, पूर्व प्रधानाचार्य रामेंद्र सिंह किलेदार, मनोज तिवारी, अमर सिंह कुशवाहा, अवधेश अग्रवाल, आशीष सोनी, हरिमोहन सोनकर एवं शिवम नामदेव सहित विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य उपस्थित रहे।
