झांसी – दिनांक 13 अक्टूबर 2026 मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ शिशिर पुरी ने मंगलवार को जनपद के विभिन्न प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों एवं स्वास्थ्य इकाइयों का औचक निरीक्षण कर कर्मचारियों की उपस्थिति, स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, आवश्यक औषधियों की उपलब्धता की जांच की। निरीक्षण के दौरान जहां आवश्यक व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए, वहीं अनुपस्थित पाए गए कर्मचारियों एवं चिकित्सकों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र अम्बाबाय ब्लॉक बड़ागांव का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार, फार्मासिस्ट नीलू सचान एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित मिले। उपस्थिति पंजिका के अवलोकन में स्टाफ नर्स श्रीमती राजकुमारी तथा स्टाफ नर्स मयंक तिवारी 09 अक्टूबर 2026 से 13 अक्टूबर 2026 तक और डॉ हना रफत माह अगस्त 2026 से अनुपस्थित पाई गईं। सीएमओ ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनुपस्थित कर्मचारियों एवं चिकित्सक के अनुपस्थित दिवसों का वेतन नियमानुसार सक्षम अधिकारी की अनुमति के उपरांत ही आहरित किया जाए। निरीक्षण के दौरान ओपीडी में चिकित्सा अधिकारी की टेबल पर चिकित्सकीय उपकरण अव्यवस्थित मिले। इमरजेंसी ट्रे में आवश्यक इंजेक्शन उपलब्ध नहीं थे, जबकि जीवनरक्षक इंजेक्शन इमरजेंसी सेवाओं के लिए आवश्यक हैं। इस पर सीएमओ ने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी को सभी आवश्यक उपकरणों एवं जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसके पश्चात प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र रक्सा बबीना का निरीक्षण किया गया। डॉ संजीव कुमार प्रभारी चिकित्सा अधिकारी उपस्थित थे, जबकि डॉ शिवानी, एलएचवी मीना कुमारी, सुपरवाइजर प्रांजल परमार दिनांक 13.10.2026 को, डॉ संतोष राजपूत दिनांक 11.10.26 से, लैब टेक्नीशियन बृजपाल सिंह दो दिनों से तथा स्टाफ नर्स कल्पना त्रिपाठी, दीपा शाक्या और शालिनी 08.10.2026 से अनुपस्थित पाई गईं। इस माह प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पर 10 प्रसव कराए गए हैं। सीएमओ द्वारा आयुष्मान आरोग्य मंदिर पुनावलीकला का भी निरीक्षण किया निरीक्षण के समय एएनएम श्रीमती शालिनी सक्सेना उपस्थित थी, जबकि सीएचओ अनुपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने स्पष्ट किया कि सरकारी स्वास्थ्य केन्द्रों पर आने वाले मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्वास्थ्य केन्द्रों पर चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की समय से उपस्थिति, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता, आवश्यक उपकरणों के रखरखाव तथा इमरजेंसी सेवाओं को बेहतर बनाए रखें।मरीजों को समय से जांच एवं उपचार उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही अथवा शासन के निर्देशों की अवहेलना पाए जाने पर सम्बन्धित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के समय उप जिला क्षयरोग अधिकारी डॉ अंशुमान तिवारी भी उपस्थित रहे।
