गुरसरांय (झांसी)।आगामी नवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरसरांय थाना सभागार में उप जिलाधिकारी गरौठा सुनील कुमार की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गा पूजा पंडाल समितियों के आयोजकों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई।बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी गरौठा पीयूष कुमार पाण्डेय ने कहा कि दुर्गा पंडालों के आसपास किसी भी संदिग्ध या असामाजिक तत्व के दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें। सुरक्षा की दृष्टि से सभी पंडालों के आसपास सीसीटीवी कैमरे अवश्य लगवाएं। मूर्ति विसर्जन के दौरान अनावश्यक भीड़ एकत्र न करें तथा गहरे पानी में जाने से बचें। विसर्जन के समय विशेष सावधानी बरतें, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।उन्होंने कहा कि रंग-गुलाल सड़कों पर इस तरह न उड़ाएं, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़े। इसके साथ ही सुबह और शाम के समय बिजली कटौती न करने तथा मंदिरों को जाने वाले मार्गों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में पुलिस क्षेत्राधिकारी गरौठा पीयूष कुमार पाण्डेय एवं थाना प्रभारी गुरसरांय इंस्पेक्टर अखिलेश द्विवेदी ने भी पर्व के दौरान शांति,सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सभी समितियां आपसी समन्वय के साथ त्योहार मनाएं और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।इस अवसर पर उपनिरीक्षक योगेंद्र शर्मा, मयंक मिश्रा,जितेंद्र सिंह,अवनीश कुमार,सतीश चौरसिया,प्रसिद्ध नारायण सिंह यादव,रामनारायण पस्तोर,आत्माराम फौजी, गुलाब जैन,बंटे बरसैंया,रवि जैन,विद्युत विभाग के अवर अभियंता संजीव कुमार,नगर पालिका से सर्वेश खरे सहित पुलिस स्टाफ एवं दुर्गा पूजा पंडाल समितियों के सदस्य उपस्थित रहे।
