गुरसरांय(झांसी)। खेर इण्टर कॉलेज के बालिका अनुभाग क्रीड़ास्थल पर दो दिवसीय ’70वाँ एथलेटिक्स युवक क्रीड़ा समारोह -2026′ का भव्य आयोजन 9 और 10 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। इस खेल महाकुंभ में तहसील गरौठा और तहसील टहरौली के समस्त माध्यमिक विद्यालयों के खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता का शुभारंभ 9 अक्टूबर को होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में गरौठा के पुलिस क्षेत्राधिकारी पीयूष पाण्डेय उपस्थित रहेंगे और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करेंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस खेल समारोह का समापन एवं पुरस्कार वितरण 10 अक्टूबर को संपन्न होगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी गरौठा सुनील कुमार विजयी प्रतिभागियों को शील्ड व पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित करेंगे। यह जानकारी विद्यालय के प्रधानाचार्य पंडित धनप्रकाश तिवारी ने दी। समारोह को सफल बनाने के लिए विद्यालय प्रबंधन एवं खेल समिति ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस अवसर पर आयोजक मंडल से प्रधानाचार्य व संयोजक धनप्रकाश तिवारी,प्रबंधक मनोहर राव नेवालकर,अध्यक्ष देवेश पालीवाल एवं जिला विद्यालय निरीक्षक श्रीमती रती वर्मा ने सभी प्रतिभागी टीमों का स्वागत करते हुए खेल भावना के साथ प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी हैं।
इस संबंध में हुई एक बैठक में पूर्व क्रीड़ाध्यक्ष जगमोहन समेले,प्रवक्ता जितेंद्र पटेल,क्रीड़ाध्यक्ष विनोद कुमार एवं सुधीर कुमार पाठक,सोमपाल सिंह क्रीड़ाध्यक्ष इसकिल,राकेश खरे,संगीत अध्यापक सरजू शरण पाठक, हरिश्चंद्र नायक,आदि उपस्थित रहे।
