गुरसरांय (झांसी)। गुरसरांय-कोटरा मार्ग पर ग्राम मड़ोंरी के पास लगातार हो रही बारिश के चलते सड़क की हालत खराब हो गई है। बारिश के कारण सड़क किनारे की मिट्टी धंसने से डामर सड़क का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान चारधाम यात्रा करके मऊरानीपुर लौट रही यात्रियों से भरी बस सड़क किनारे अचानक धंस गई।बस के धंसते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि बस पलटी नहीं और बड़ा हादसा टल गया। बस को बाहर निकालने के लिए मौके पर काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब एक घंटे बाद बस को टूचिन (खींचकर) सड़क से बाहर निकाला गया, जिसके बाद बस अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सकी।ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बारिश के चलते मार्ग के कई हिस्सों की स्थिति खराब हो रही है। ऐसे में सड़क किनारे धंसाव होने से हादसे का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है।
