सरकार द्वारा आवंटित धनराशि के बाद भी आख़िर समय व गुणवत्ता का नही रखा ध्यान
गुरसरांय(झांसी)। लोक निर्माण विभाग से लेकर अन्य विभागों द्वारा गुरसरांय,गरौठा क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत से लेकर निर्माण कामों में घोर लापरवाही के चलते आम जनता को मुख्य सड़कों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों और पुलियों,पुलों की देखभाल मरम्मत और कार्यों की गुणवत्ता में घोर लापरवाही का शिकार गुरसरांय,गरौठा क्षेत्र के लोगों से लेकर बाहरी क्षेत्र के लोगों को आवागमन में ब्रेक सा लग गया है और आये दिन दुर्घटनाएं बढ़ रही है सारी जानकारियां संबंधित विभाग से लेकर जनप्रतिनिधियों को होने के बाद और शासन स्तर पर जनप्रतिनिधियों द्वारा उक्त समस्या निस्तारण को लेकर की जा रही पहल का असर धरातल पर न होने से जहाँ जनता को वर्तमान आधुनिक युग में पुराने सिस्टम को ध्यान दिला रहा है। इससे शासन की छवि पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। गुरसरांय,गरौठा क्षेत्र के लोगों ने गुरसरांय मोदी चौराहे से एरच रोड़ टाउन क्षेत्र की सड़क,सड़क की जगह गड्ढे और नाली में तब्दील होने के साथ-साथ जहाँ आये दिन लोग दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं वहीं गुरसरांय से सेमरी खिरियाघाट सड़क खस्ताहाल और संकरी होने के चलते जगह-जगह पानी भर जाने से आवागमन ठप्प पड़ा हुआ है इस सड़क को भी क्षेत्र के लोगों द्वारा कई वर्षों से चौड़ीकरण के लिए मांग की जा रही है लेकिन अनदेखा करने से इस क्षेत्र के लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है तो दूसरी ओर पीडब्ल्यूडी की ही निर्माणाधीन गढ़वई से ग्राम परसुआ के बीच सड़क व पुलिया निर्माण में लापरवाही मापकविहीन काम होने से लोगों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है यही हालत लोक निर्माण विभाग द्वारा चौथामील से चौकरी क्रेशर जोन क्षेत्र से जोड़ते हुए गुरसरांय के लिए बन रही सड़क पर जगह-जगह घटिया पुलियों के निर्माण से लेकर इस सड़क निर्माण में गुणवत्ता का कतई ध्यान नहीं दिया जा रहा है और विभाग के आला अधिकारियों की जानकारी में होने के बाद भी कोई मॉनिटरिंग से लेकर कार्यवाही न करना अपने में जनता और सरकार को अंधेरे में ढकेलेने का काम हो रहा है। गरौठा से जुड़े हुए हमीरपुर-राठ मार्ग पहुंचने के लिए मोतीकटरा के पास बनी पुलिया केवलारी नाले की पुलिया बहने से लगभग 40 गांव प्रभावित हो रहे है। ग्रामीणों ने बताया की लगभग 25 वर्ष से वह सड़क की आश लगाए बैठे हैं लेकिन कोरा आश्वासन ही मिलता है मोतीकटरा के ग्रामीणों ने अनोखी पहल की है जब-जब केवलारी नाला जल मग्न हो जाता है वे लोग राहगीरों की मदद के लिए तो खड़े होते ही हैं फूलमाला लेकर अपने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि का भी इंतजार करते हैं उनका कहना है कि हम लोग शबरी की तरह श्री राम का इंतजार कर रहे हैं वो कभी न कभी तो आएंगे।
केवलारी नाले पर स्थायी पुलिया न बनने के कारण बरसात के मौसम मे अनेकों ग्रामो का ब्लाक,तहसील एवं जिला से संपर्क टूट जाता है लोग स्वास्थ्य सेवाओं के लिए तरसते हैं निकलने वाले राहगीर तेज बहाव में अपनी जान जोखिम में डालकर सफर तय करने को मजबूर है हमेशा किसी अप्रिय घटना का अंदेशा बना रहता है। जबकि यह सड़क स्वीकृत होने के बाद भी काम शुरू न होने के कारण जनता और सरकार को मुसीबत में डाल दिया है। और तस्वीर सामने उभरकर आ रही है कि भले ही करोड़ों रुपए सरकार ग्रामीण क्षेत्र की सड़कों को राजमार्गों से लेकर शहरों से जोड़ने के लिए खर्च कर रही है,लेकिन विभागीय अधिकारियों और ठेकेदारों की मिलीभगत कही न कही सरकार के आदेशों की खुली अवहेलना का संदेश दे रही हैं।
- विधानसभा में गरौठा विधायक ने कराया ध्यान आकर्षण
इस संबंध में क्षेत्रीय विधायक जवाहर लाल राजपूत ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में चालू सत्र में झांसी की बहुप्रतीक्षित गरौठा से मोतीकटरा मिसिंग लिंक रोड का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराए जाने की बात विधानसभा में उठाई है। विधायक ने कहा झांसी और हमीरपुर जनपद को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है,और वर्षों गुजर जाने के बाद भी अधूरा होने से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। यह काम जल्द किया जाए।
