झांसी दि0- 6 अगस्त 2026
महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण कवरेज में प्रगति बढ़ाने हेतु मुख्य चिकित्सा अधिकारी झांसी डॉ शिशिर पुरी ने विकासखंड बड़ागांव के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर बराटा एवं कंपोजिट विद्यालय पारीछा में आयोजित टीकाकरण सत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ रविशंकर, अधीक्षक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ागांव डॉ वैभव पुरोहित, एआरओ श्री आर एम मौर्या उपस्थित रहे।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर बराटा में टीकाकरण सत्रस्थल पर एएनएम श्रीमती सुनीता खरे द्वारा किशोरियों का टीकाकरण किया जा रहा था। सीएमओ की उपस्थिति में कु0 मोहिनी, कु0 किंजल, कु0 दिव्यांशी, कु0 अंतरा सहित 14 किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया गया। इसी प्रकार कंपोजिट विद्यालय परीक्षा में उपस्थित एएनएम श्रीमती रीमा यादव द्वारा 02 किशोरियों को एचपीवी का टीका लगाया गया।
सीएमओ ने किशोरियों के अभिभावकों से अपील की है कि ऐसे माता-पिता जिनके बेटियों की आयु 14 वर्ष पूर्ण हो चुकी है एवं 15वां जन्मदिन अभी नहीं मनाया है, ऐसे अभिभावक अपनी बेटियों का एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। उन्होंने किशोरियों के माता-पिता को प्रेरित करते हुए बताया कि यह टीका ह्यूमन पेपिलोमा वायरस के कारण होने वाले सर्वाइकल कैंसर से रोकथाम करता है। यह वैक्सीन क्वाड्रिवेलेण्ट वैक्सीन है अर्थात यह वैक्सीन ह्यूमन पेपिलोमा वायरस के चार सर्वाधिक घातक स्वरूप टाइप 6, 11, 16 और 18 पर असरदार है। भारत में 83% सर्वाइकल कैंसर के लिए टाइप एचपीवी 16 और टाइप एचपीवी 18 उत्तरदायी है। इस टीके के लगने के बाद भविष्य में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर होने की संभावनाएं बहुत कम हो जाती हैं। यह टीका पूर्णतः सुरक्षित है तथा भारत सरकार द्वारा निर्धारित मानक के अनुसार उपलब्ध कराया जा रहा है।
