संवाददाता – नीलेश एन.के.डी
मोठ तहसील क्षेत्र के ग्राम पुलगहना में बुधवार को धान की रोपाई के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी माज अख्तर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (ट्रॉमा सेंटर) मोंठ पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, लखीमपुर खीरी जनपद के गाजियाबाद गांव निवासी विवेक अपनी 12 सदस्यीय मजदूरों की टोली के साथ पुलगहना गांव में धान की रोपाई करने आया था। बुधवार को महेंद्र सिंह के खेत में रोपाई का कार्य पूरा करने के बाद खेत से बाहर निकलते समय मेड़ पर पड़े विद्युत तार की चपेट में आने से उसे करंट लग गया। साथी मजदूरों व किसानों ने उसे तत्काल सीएचसी मोंठ पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। मृतक के चाचा शिशुपाल ने हादसे की पुष्टि की।
