गुरसरांय(झांसी)। सार्वजनिक भूमि पर अवैध रूप से कूड़ा-कचरा फेंकने और गंदगी फैलाने का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम सेमरी थाना गुरसरांय जिला झाँसी निवासी मानसिंह पुत्र रामदयाल ने उपजिलाधिकारी टहरौली,मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत करते हुए बताया कि गाँव के ही रामकुमार पुत्र मलखान,अंकित पुत्र रामकुमार,सुरेश पुत्र कुटु द्वारा सार्वजनिक स्थल पर लगातार कचरा फेंके जाने की वजह से पूरे इलाके में भयंकर बदबू और गंदगी का माहौल है। इस गंदगी के कारण मच्छरों और मक्खियों का आतंक बढ़ गया है,जिससे क्षेत्र में संक्रामक बीमारियां फैलने का खतरा पैदा हो गया है। स्थानीय लोग खासकर बच्चे और बुजुर्ग लगातार मौसमी और संक्रामक बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। मामला तब और गंभीर हो गया जब जागरूक स्थानीय मानसिंह ने सार्वजनिक भूमि पर कचरा फेंक रहे लोगों को रोकने की कोशिश की एवं स्वास्थ्य और स्वच्छता का हवाला देते हुए कूड़ा फेंकने से मना किया,तो आरोपी भड़क गए। उन्होंने न सिर्फ गाली-गलौज की और अभद्र भाषा का प्रयोग किया,बल्कि विरोध करने पर उसे सीधे तौर पर जान से मारने की धमकी भी दे डाली।इस घटना के बाद से पीड़ित परिवार में डर और असुरक्षा का माहौल है।गंदगी और दबंगों की धमकी से परेशान पीड़ित ने प्रशासन और स्थानीय पुलिस से इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की गुहार लगाई है। इस मामले में पीड़ित ने मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत संख्या 40016626022260 पर शिकायत करते हुए बताया कि इसके पूर्व भी उसने उपजिलाधिकारी टहरौली को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी जिस पर थाना गुरसरांय को उपजिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए थे लेकिन मौके पर इस मामले में लीपापोती करने से बड़े पैमाने पर गंदगी व्याप्त है और आसपास के लोगों को संक्रामक बीमारियों की आशंका बढ़ गई है। पीड़ित द्वारा गुरसरांय थाने में बार-बार कहने के बाद भी इस समस्या का निस्तारण न होने पर किसी भी बीमारी से लेकर अप्रिय घटना घटने की आशंका है क्योंकि गंदगी फैलाने वाले दबंग किस्म के व्यक्ति है जिन्हें रोकने पर आए दिन मारपीट से लेकर जान से मारने की धमकी देते हैं पीड़ित ने जल्द इस संबंध में कार्यवाही की जिला प्रशासन से मांग की है।
