झाँसी-आज दिनांक 21.06.2026 को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन, झाँसी में योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में वामासारथी अध्यक्ष श्रीमती नीवी मूर्ति पत्नी श्री बीबीजीटीएस मूर्ति (वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, झाँसी) द्वारा पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों के साथ योगाभ्यास किया गया तथा सभी को नियमित रूप से योग अपनाकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने हेतु प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती नीवी मूर्ति द्वारा बताया गया कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि योग तनावमुक्त जीवन, सकारात्मक सोच एवं स्वस्थ समाज के निर्माण का सशक्त माध्यम है। योग को दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाकर व्यक्ति अपने स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने के साथ-साथ जीवन में अनुशासन एवं आत्मविश्वास का विकास कर सकता है।
कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। उपस्थित महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए योग के महत्व को समझा तथा नियमित योगाभ्यास करने का संकल्प लिया।
उल्लेखनीय है कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 की थीम “स्वयं के लिए योग, समाज के लिए योग, विश्व के लिए योग” के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम में वामासारथी की सदस्याओं, पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
