झाँसी। माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, झाँसी श्रीमती कमलेश कच्छल जी के कुशल संरक्षण एवं माननीय सिविल जज (सीनियर डिवीजन)/सचिव श्रीमती ईशा त्रिपाठी जी के कुशल निर्देशन में रविवार को ‘अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस’ के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला न्यायालय परिसर एवं जिला कारागार, झाँसी में वृहद योग अभ्यास एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का सफलआयोजन किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य चरण में जिला न्यायालय परिसर में आयोजित विशेष योग शिविर में योग प्रशिक्षक श्री कल्पनाथ सिंह ने उपस्थित सभी को योग व प्राणायाम का गहन प्रशिक्षण दिया। उन्होंने दैनिक जीवन में बैठकर लगातार काम करने वालों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बेहद सरल, सुरक्षित और प्रभावी आसनों और प्राणायाम का अभ्यास कराया। एवं सभी से मानसिक तनाव से मुक्ति और शारीरिक आरोग्यता के लिए योग को अपनी दैनिक दिनचर्या में अनिवार्य रूप से शामिल करने की भावपूर्ण अपील की।
इसी क्रम में, जिला कारागार, झाँसी में निरूद्ध बंदियों के लिए विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से मुख्य प्रतिनिधित्व करते हुए डिप्टी चीफ लीगल ऐड डिफेंस काउंसिल श्री जितेंद्र तिवारी जी कारागार परिसर में उपस्थित रहे। उनके कुशल संयोजन में जेल प्रशासन के सहयोग से बंदियों को मानसिक शांति, अवसाद से मुक्ति और शारीरिक सुधार के उद्देश्य से विभिन्न योगाभ्यासों की बारीकियां सिखाई गईं, जिसमें बंदियों ने पूरे उत्साह के साथ प्रतिभाग किया।
