झाँसी- आज दिनांक 17 जून 2026 को श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ, अपर पुलिस महानिदेशक महोदया कानपुर जोन, कानपुर का जनपद झाँसी आगमन हुआ। पुलिस लाइन झाँसी पहुँचने पर उन्हें पुलिस गार्द द्वारा विधिवत सलामी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
तत्पश्चात पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस महानिदेशक महोदया ने जनपद के जनप्रतिनिधियों, पत्रकार बंधुओं एवं व्यापार वर्ग के प्रतिनिधियों से भेंट कर उनकी समस्याओं, सुझावों एवं अपेक्षाओं के संबंध में संवाद स्थापित किया। उन्होंने कानून-व्यवस्था, जनसहभागिता एवं पुलिस-जन सहयोग को और अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में विचार-विमर्श किया।
जनप्रतिनिधियो से संवाद- अपर पुलिस महानिदेशक महोदया ने जनपद के जनप्रतिनिधियों से भेंट कर क्षेत्रीय कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा एवं जनता से संबंधित विभिन्न विषयों पर चर्चा की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों द्वारा प्राप्त सुझावों एवं अपेक्षाओं को गंभीरता से लेकर उनके प्रभावी क्रियान्वयन हेतु आश्वस्त किया
व्यापारी बन्धुओं से संवाद- अपर पुलिस महानिदेशक महोदया ने व्यापारियों से मुलाकात कर उनकी सुरक्षा एवं व्यापारिक गतिविधियों से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों को सुना। उन्होंने आश्वस्त किया कि व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा एवं अपराध नियंत्रण हेतु पुलिस द्वारा प्रभावी कार्यवाही निरंतर सुनिश्चित की जा रही है।
पत्रकार बन्धुओं से संवाद- अपर पुलिस महानिदेशक महोदया ने पत्रकार बंधुओं से वार्ता कर पुलिस एवं मीडिया के मध्य बेहतर समन्वय की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मीडिया समाज एवं पुलिस के मध्य महत्वपूर्ण सेतु का कार्य करता है तथा जनहित से जुड़े विषयों के प्रभावी संप्रेषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
इसके उपरांत अपर पुलिस महानिदेशक महोदया द्वारा जनपद झाँसी के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून एवं शांति व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा, लंबित विवेचनाओं के त्वरित निस्तारण, शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान तथा जनसुनवाई से संबंधित विषयों की समीक्षा की गई।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई कर जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।
बैठक के दौरान पुलिस कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं जनोन्मुखी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।
