मऊरानीपुर (झांसी)। मऊरानीपुर कोतवाली क्षेत्र में 23 वर्षीय युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक प्राइवेट नौकरी से छुट्टी लेकर घर लौटा था। उसका शव सड़क से कुछ दूरी पर गड्ढे में पड़ा मिला, जबकि फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह चौहान पुत्र मनोहर सिंह निवासी चौहान की टपरिया के रूप में हुई है, जो जयपुर में निजी नौकरी करता था। वह 15 जून को इंटरसिटी ट्रेन से मऊरानीपुर आया था।
परिजनों के अनुसार, रिश्तेदार के यहां जाने के बाद वह अपने घर के लिए निकला था, लेकिन वापस नहीं पहुंचा। अगले दिन भानपुरा खेड़ा तिगैला के पास एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में मिली, जिसके बाद युवक की तलाश शुरू की गई।
खोजबीन के दौरान सड़क किनारे एक गड्ढे में उसका शव बरामद हुआ। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
