झांसी पुलिस की सर्विलांस टीम ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीक की मदद से 203 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब 38 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान एसएसपी झांसी ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे।
झांसी पुलिस ने गुमशुदा और खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी बीबीजीटीएस मूर्ति के निर्देशन पर सर्विलांस सेल ने CEIR पोर्टल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल करते हुए 203 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बरामद किए गए मोबाइल फोन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 38 लाख रुपये बताई जा रही है। ये सभी मोबाइल फोन जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम या खो जाने की शिकायतों के आधार पर तलाश किए गए थे।
शिकायत मिलने के बाद एसएसपी झांसी ने सर्विलांस टीम को मोबाइल फोन की बरामदगी के निर्देश दिए थे। जिसके बाद टीम ने लगातार तकनीकी निगरानी और अथक प्रयासों के जरिए इन मोबाइल फोन को ट्रेस कर बरामद किया।
पुलिस लाइन झांसी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने झांसी पुलिस का आभार जताया।
