झाँसी –पुलिस परिवार द्वारा अन्य जनपदों में स्थानांतरित हुए क्षेत्राधिकारी श्री लक्ष्मीकान्त गौतम, क्षेत्राधिकारी श्री जितेन्द्र सिंह एवं क्षेत्राधिकारी श्री अजय श्रोत्रीय के सम्मान में एक गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झाँसी श्री बीबीजीटीएस मूर्ति ने स्थानांतरित अधिकारियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने जनपद में अपने सेवाकाल के दौरान पूर्ण निष्ठा, समर्पण एवं कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, अपराध नियंत्रण तथा आमजन की समस्याओं के प्रभावी निस्तारण में उनका योगदान उल्लेखनीय एवं प्रशंसनीय रहा है। उन्होंने सभी अधिकारियों को नवीन तैनाती हेतु शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य एवं सफल कार्यकाल की कामना की।
समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. श्री अरविन्द कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक श्रीमती आरीबा नोमान, क्षेत्राधिकारी सदर श्री रामवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी टहरौली श्रीमती असमा वकार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने स्थानांतरित अधिकारियों के साथ अपने अनुभव साझा करते हुए उनके सौहार्दपूर्ण व्यवहार, कुशल नेतृत्व, कार्यनिष्ठा एवं प्रशासनिक दक्षता की सराहना की।
विदाई समारोह के दौरान स्थानांतरित अधिकारियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम आत्मीय, सौहार्दपूर्ण एवं भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उनके स्वस्थ, सुखद एवं सफल भविष्य की कामना करते हुए नवीन दायित्वों के निर्वहन हेतु शुभकामनाएँ प्रदान कीं।
