गुरसरांय (झांसी)। भीषण गर्मी और बिजली संकट के साथ जल स्तर गिर जाने से गुरसरांय नगर में पेयजल जल संकट को लेकर त्राहि-त्राहि मची हुई है और जल संस्थान द्वारा जो वार्डों में पेयजल टैंकरों के माध्यम से सप्लाई हो रहा है वह बहुत ही कम है जिससे नगर में पेयजल को लेकर हाहाकार मचा हुआ है क्योंकि नमामि गंगे हर- घर-जल-हर-घर-नल योजना से पानी केवल दिखावे के लिए ही कुछ वार्डों में पहुंच पाता है नगर के लोगों ने जिलाधिकारी झांसी से लेकर आयुक्त झांसी और शासन से गुरसरांय में पेयजल सप्लाई हेतु टैंकरों की संख्या जल्द से जल्द बढा़ए जाने की मांग की है। वही बताते चलें नगर पालिका परिषद गुरसरांय के पार्षदों ने नगर में बढ़ती पेयजल समस्या को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष को ज्ञापन सौंपकर पानी के टैंकरों की संख्या बढ़ाने की मांग की है। पार्षदों का कहना है कि वर्तमान में ट्रैक्टर-टैंकरों के माध्यम से की जा रही पेयजल आपूर्ति नगर की बढ़ती जनसंख्या के अनुपात में पर्याप्त नहीं है। तालाबों में जलस्तर घटने के कारण नगर में स्थापित छोटी-छोटी पानी की टंकियां भी पर्याप्त जलापूर्ति नहीं कर पा रही हैं। वहीं अधिकांश हैंडपंपों का जलस्तर नीचे चले जाने से उनका पानी देना भी काफी कम हो गया है, जिससे नगरवासियों को गंभीर पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। ज्ञापन में यह भी बताया गया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत नगर के विभिन्न क्षेत्रों में बिछाई गई पाइपलाइन से भी नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। पार्षदों ने आरोप लगाया कि करोड़ों रुपये की लागत से बनी यह योजना वर्तमान में केवल “सफेद हाथी” बनकर रह गई है और आम जनता को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है।पार्षदों ने नगरवासियों की समस्या को देखते हुए तत्काल अतिरिक्त टैंकरों की व्यवस्था कर नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित किए जाने की मांग की है। इस दौरान गोविंद सिसोदिया,ऋषभ वशिष्ठ, दीपक यादव,सुमंत सोनी, बृजेंद्र घोष, भुवनेश अडजरिया,अज्जू मौर्य, सुनील श्रीवास सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे।
