गुरसरांय (झांसी)। नगर के मोदी पैलेस में राज्य कर (जीएसटी) विभाग द्वारा व्यापारी संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में व्यापारियों को जीएसटी के नवीन प्रावधानों,व्यापार हितैषी सुधारों एवं विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई तथा उनकी समस्याओं को सुनकर समाधान का आश्वासन दिया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता व्यापार मंडल अध्यक्ष अधिवक्ता सतीश चंद्र चौरसिया ने की।मुख्य अतिथि डिप्टी कमिश्नर मनोज कुमार त्रिपाठी तथा विशिष्ट अतिथि सहायक आयुक्त प्रमोद कुमार पांडे एवं राज्य कर अधिकारी जय प्रवेश रहे।
मुख्य अतिथि डिप्टी कमिश्नर मनोज कुमार त्रिपाठी ने कहा कि व्यापारियों की किसी भी समस्या का विभाग द्वारा तत्काल समाधान किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों से व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना का लाभ लेने का आह्वान करते हुए बताया कि इस योजना के अंतर्गत 10 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है।सहायक आयुक्त प्रमोद कुमार पांडे ने कहा कि व्यापारी समाधान योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। विभाग हमेशा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए तत्पर है। वहीं राज्य कर अधिकारी जय प्रवेश ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए ऐसे शिविर प्रत्येक माह आयोजित किए जाएंगे।
अध्यक्षता कर रहे व्यापारी नेता सतीश चंद्र चौरसिया ने कहा कि व्यापारी बिना किसी संकोच के अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखें। सरकार की मंशा है कि व्यापारियों को उनकी समस्याओं का समाधान घर बैठे उपलब्ध हो। इसी उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर संवाद एवं समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डिप्टी कमिश्नर ने उपस्थित लोगों से कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया।कार्यक्रम में अरविंद गुप्ता, राजेश सिंह चौहान, हरि मिश्रा, धर्मेंद्र प्रजापति, राजेश विलैया, हरिओम अग्रवाल, रवींद्र कुमार विलैया, माखनलाल, रामकिशन, गणेशलाल अग्रवाल, रामकिशोर अग्रवाल, शिवमंगल सिंह, अनिल जैन, शैलेश अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, देवेश गुप्ता, सूर्य प्रताप, ओमप्रकाश नगरिया, सुधीर कुमार मोदी,प्रमोद कुमार सहित सैकड़ों व्यापारी उपस्थित रहे।अंत में व्यापार मंडल अध्यक्ष सतीश चंद्र चौरसिया ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित व्यापारियों का आभार व्यक्त किया।
