गुरसरांय(झाँसी)। गरौठा क्षेत्र के ग्राम शीला में सोमवार सुबह एक किसान ने अपने खेत पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार,फसल खराब होने और कर्ज से परेशान होकर किसान ने यह कदम उठाया।जानकारी के मुताबिक ग्राम शीला निवासी कल्लू अहिरवार (55) पुत्र प्रभु अहिरवार सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने खेत पर पहुंचे थे। उन्होंने वहीं एक पेड़ से फांसी लगा ली।कुछ समय बाद उनके पुत्र देसराज को घटना की जानकारी मिली। परिजन उन्हें तुरंत गुरसरांय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए,जहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. रवि अनुरागी ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।मृतक कल्लू अहिरवार अपने पीछे दो पुत्रों रामाधर और देसराज तथा दो बेटियों को छोड़ गए हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई शुरू की।परिजनों ने बताया कि इस बार खेत में फसल कमजोर थी और किसान पर कर्ज भी था। इसी कारण वह मानसिक तनाव में थे,जिसके चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।
