गुरसरांय (झांसी)। क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र खड़ेनी के अंतर्गत आने वाले ग्राम सुट्टा में बिजली व्यवस्था चरमराने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गांव में पठान बाबा मंदिर के पास लगा 25 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर अधिक लोड के कारण खराब हो गया है, जिससे आसपास के घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान में गांव की आबादी और बिजली उपभोक्ताओं की संख्या बढ़ने के कारण 25 केवीए का ट्रांसफार्मर पर्याप्त नहीं है। ज्यादा लोड पड़ने के चलते यह बार-बार खराब हो जाता है, जिससे लोगों को अंधेरे में रहना पड़ता है और दैनिक कार्यों में भी बाधा उत्पन्न होती है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि खराब पड़े 25 केवीए ट्रांसफार्मर की जगह 63 केवीए का नया ट्रांसफार्मर लगाया जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की समस्या से निजात मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो उन्हें और अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराने की अपील की है, जिससे गांव में बिजली आपूर्ति सुचारू रूप से बहाल हो सके।
