झांसी- बिजली व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। मामला शहर के गल्ला मंडी पावर हाउस का बताया जा रहा है, जहां उपभोक्ताओं का आरोप है कि बिल जमा करने के बाद भी उनके घरों में अंधेरा छाया हुआ है। पीड़ित उपभोक्ताओं का कहना है कि उन्होंने समय से बिजली बिल जमा कर दिया, लेकिन इसके बावजूद स्मार्ट मीटर चालू नहीं किए जा रहे हैं। आरोप है कि जब उपभोक्ता पावर हाउस पहुंचे तो वहां मौजूद जेई ने उनसे पहले एडवांस बिल जमा करने की बात कही, तभी बिजली कनेक्शन चालू करने की बात कही गई।
इसको लेकर उपभोक्ताओं में भारी नाराज़गी देखने को मिल रही है। लोगों का कहना है कि जब पूरा बिल पहले ही जमा कर दिया गया है तो फिर एडवांस के नाम पर अतिरिक्त पैसा क्यों मांगा जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था अब उनके लिए सुविधा की जगह परेशानी बनती जा रही है। बिल जमा होने के बाद भी बिजली न मिलने से लोगों को गर्मी और रोजमर्रा की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।अब सवाल यह उठता है किक्या बिजली विभाग की नई व्यवस्था आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की जगह मुसीबत बन रही है? और क्या जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस मामले में कोई ठोस कार्रवाई की जाएगी या फिर उपभोक्ता इसी तरह परेशान होते रहेंगे? फिलहाल इस पूरे मामले ने झांसी की बिजली व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
