झांसी। रंग पंचमी के पावन अवसर पर अक्षय जन सेवा समिति द्वारा समिति कार्यालय में फाग उत्सव एवं फूलों की होली का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं एवं क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर फूलों की होली खेली तथा पारंपरिक फाग गीतों के साथ रंग पंचमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति की अध्यक्ष सविता पचौरी ने की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में होली और रंग पंचमी जैसे पर्व प्रेम, सद्भाव और आपसी भाईचारे के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन समाज को एकजुट करने और पारंपरिक संस्कृति को आगे बढ़ाने का कार्य करते हैं।
फाग उत्सव के दौरान उपस्थित महिलाओं ने पारंपरिक फाग गीत गाए और एक-दूसरे पर फूलों की वर्षा कर फूलों की होली खेली। पूरा वातावरण रंग, गुलाल और फूलों की खुशबू से सराबोर हो गया। कार्यक्रम में हंसी-खुशी और उत्साह का माहौल बना रहा तथा सभी ने मिलकर एक-दूसरे को रंग पंचमी की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम में समिति से जुड़ी महिलाओं एवं सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग दिया। अंत में सभी ने मिलकर समाज में प्रेम, सौहार्द और भाईचारे की भावना बनाए रखने का संकल्प लिया।
इस दौरान रिंकी, प्रेमलता, प्रिंयका, शिल्पी, गायत्री, पूनम, उन्नति, मंजू, अवंतिका, ईशा कुशवाहा आदि लोग मौजूद रहे
