झाँसी -शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे ग्राम चितावत में शराब के नशे में धुत एक युवक द्वारा साबुन खा लेने का चौंकाने वाला मामला सामने आया। नशे की हालत में युवक की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चितावत निवासी दिलीप पुत्र सुरेश शराब के अत्यधिक नशे में था। नशे की हालत में उसने गलती से साबुन खा लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। युवक को उल्टी, घबराहट और पेट में तेज दर्द की शिकायत होने लगी।
परिजनों ने तत्काल युवक को घायल अवस्था में मऊरानीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उसका प्राथमिक उपचार किया। हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर कर दिया।
अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, साबुन खाने से युवक के पेट और गले में जलन की शिकायत थी। फिलहाल युवक का इलाज झांसी मेडिकल कॉलेज में जारी है और उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
घटना के बाद गांव में इस बात की चर्चा रही कि शराब के अत्यधिक सेवन से इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की है।
