गुरसरांय (झांसी)। नगर में मंगलवार दोपहर लगभग 3:00 बजे भीषण सड़क हादसा होने से क्षेत्र में कोहराम मच गया। घटना के बाद कुछ समय के लिए सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरसरांय थाना क्षेत्र के ग्राम गढवई निवासी नरेश पुत्र राम किशन सेन (35) दोपहर में मोहल्ला पच्चीसा से बाइक द्वारा मोदी चौराहे की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह बल्लू भैया पंप के पास पहुंचे,अचानक सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक ट्रक के नीचे जा घुसी।घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल घायल नरेश को बाहर निकाला और एंबुलेंस को सूचना दी। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुरसरांय लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने झांसी रेफर कर दिया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और यातायात को सुचारु कराया। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बना रहा।
