झांसी – लिंक एक्सप्रेस-वे के लिए किए जा रहे भूमि अधिग्रहण के विरोध में सोमवार को चिरगांव क्षेत्र के तमाम ग्रामों के किसानों ने झांसी कलेक्ट्रेट पहुंचकर हुंकार भरी। ग्राम खिरियापाली, वरल, नरी, बिठरी, पाली, ख़िरी समेत तमाम ग्रामो के किसानों ने प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा और सरकार की अधिग्रहण नीति पर गंभीर सवाल उठाए। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने 1 बजे बताया कि जिस जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है, वह उनके जीवनयापन का एकमात्र सहारा है। किसानों का कहना है कि यदि उनकी उपजाऊ जमीन छीन ली गई, तो उनके पास आजीविका का कोई अन्य विकल्प नहीं बचेगा। यह उनके परिवार के भविष्य और अस्तित्व से जुड़ा मामला है।किसानों की मुख्य आपत्ति सर्किल रेट को लेकर है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अन्य स्थानों पर अधिग्रहण के दौरान सर्किल रेट बढ़ाकर किसानों को लाभ दिया है, लेकिन उनके के मामले में सरकार उदासीन है। उन्होंने तर्क दिया कि उनकी भूमि झांसी विकास प्राधिकरण की सीमा से सटी हुई है, इसके बावजूद प्रशासन सर्किल रेट बढ़ाने को तैयार नहीं है। किसानों ने स्पष्ट किया कि वर्तमान में दिया जा रहा मुआवजा बाजार भाव और उनकी जमीन की कीमत के मुकाबले बेहद कम है। उन्होंने डीएम से मांग की है कि सर्किल रेट में तत्काल संशोधन किया जाए।।
